परिवहन विभाग ने बढ़ाई टेम्पो ट्रैवलर परमिट आवेदन की तारीख , बिलासपुर के लिए 21 रूट
आवेदकों की सुविधा को देखते हुए परिवहन विभाग ने 350 स्टेज कैरिज रूटों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई, बिलासपुर के 21 रूट भी शामिल
बिलासपुर
आवेदन की अंतिम तिथि 14 जुलाई तक बढ़ी
परिवहन विभाग ने हिमाचल प्रदेश में चयनित 350 स्टेज कैरिज बस रूटों पर टेम्पो ट्रैवलर जैसे वाहनों के संचालन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 14 जुलाई, 2025 तक बढ़ा दी है। पहले यह प्रक्रिया 9 जून से 30 जून तक निर्धारित की गई थी, लेकिन आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब यह समयसीमा और बढ़ा दी गई है।
वेबसाइट पर उपलब्ध हैं रूट व नियम
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजेश ने बताया कि इच्छुक आवेदक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://himachal.nic.in/transport/ पर जाकर रूट की सूची व नियम-शर्तें देख सकते हैं। आवेदक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं और संबंधित दस्तावेज समय पर जमा करवा सकते हैं।
बिलासपुर जिले के लिए 21 रूट निर्धारित
राजेश ने बताया कि अधिसूचित 350 में से 21 रूट बिलासपुर जिले से संबंधित हैं। इच्छुक आवेदक बिलासपुर के साथ-साथ अन्य जिलों के अनुमोदित रूटों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। यह पहल स्थानीय यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ स्वरोजगार को भी बढ़ावा देगी।
जल्द होगी परमिट स्वीकृति प्रक्रिया शुरू
परिवहन अधिकारी ने कहा कि 14 जुलाई तक प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण द्वारा परमिट स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य ग्रामीण और अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में परिवहन सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाना है।