Loading...

Himachal Weather / ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी, मैदानी जिलों में कोहरा और शीत लहर का अलर्ट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 31 Dec 2025 • 1 Min Read

Himachal Weather : राज्य की ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि मैदानी जिलों में कोहरे का प्रभाव बना हुआ है। आने वाले दिनों में कई जिलों में शीत दिवस, शीत लहर और वर्षा–हिमपात की संभावना जताई गई है।

शिमला

ऊंचे इलाकों में बर्फ, मैदानी क्षेत्रों में कोहरा

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य की ऊंची पहाड़ियों पर एक–दो स्थानों पर बहुत हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जिसमें कुकुमसेरी शामिल है। मैदानी जिलों में बिलासपुर में मध्यम कोहरा छाया रहा, जबकि मंडी और सिरमौर में हल्का कोहरा दर्ज किया गया।

तापमान में अंतर, कुकुमसेरी सबसे ठंडा

राज्य में अधिकतम तापमान सोलन में 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला में अधिकतम 19.6 और न्यूनतम 8.7 डिग्री, कल्पा में अधिकतम 12.5 और न्यूनतम 2.1 डिग्री तथा मनाली में अधिकतम 15 और न्यूनतम 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

1 जनवरी को शीत दिवस और घने कोहरे की संभावना

1 जनवरी को ऊना, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में अलग–अलग स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है। मंडी और बिलासपुर में घना कोहरा छाने की संभावना है। हमीरपुर, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में शीत लहर चलने के संकेत हैं।

2 जनवरी को शीत लहर और घना कोहरा

2 जनवरी को हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर और मंडी जिलों में अलग–अलग स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। बिलासपुर में एक–दो स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में शीत लहर का असर बना रह सकता है।

वर्षा और हिमपात की संभावना

1 जनवरी को चंबा, किन्नौर और लाहौल–स्पीति जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या हिमपात हो सकता है। कांगड़ा, शिमला, मंडी और कुल्लू में कुछ स्थानों पर वर्षा–हिमपात की संभावना है। 2 जनवरी को चंबा, किन्नौर, कांगड़ा, शिमला, मंडी, कुल्लू और लाहौल–स्पीति में एक–दो स्थानों पर हल्की वर्षा या हिमपात हो सकता है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

शिमला शहर का मौसम

1 जनवरी को शिमला शहर में हल्की वर्षा या हिमपात की संभावना है, जबकि 2 जनवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। शिमला का अधिकतम तापमान 15 से 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।