Loading...

Himachal Weather / हिमाचल में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट , कई जिलों में अलर्ट जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 20 Jun 2025 • 1 Min Read

Himachal Weather : शिमला, कांगड़ा, सिरमौर, मंडी सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है

शिमला

कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी, PWD और प्रशासन अलर्ट पर

हिमाचल प्रदेश में मानसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम और कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई है। वनाहन में भारी बारिश हुई, जबकि शिमला, सुंदरनगर और कांगड़ा में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं।

तापमान में बदलाव, कुछ क्षेत्रों में गर्मी तो कहीं ठंडक

पोंटा साहिब में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला का अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 19 डिग्री रहा। मनाली और कल्पा में भी सामान्य से हल्की ठंडक बनी हुई है।

21 से 24 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने 21 जून को ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन, शिमला और सिरमौर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। 22 जून को चंबा, कुल्लू, मंडी में भारी वर्षा, जबकि कांगड़ा, शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना और हमीरपुर में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

23 और 24 जून को भी रहे सतर्क, गर्जन-तड़ित के साथ तेज बारिश संभव

23 जून को शिमला, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा और मंडी में भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। वहीं 20, 21 और 24 जून को लाहौल-स्पीति और किन्नौर में हल्की से मध्यम बारिश संभावित है। शेष जिलों में भी अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

शिमला में तीन दिन गरज-चमक के साथ बारिश

20 से 22 जून तक शिमला शहर में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री और न्यूनतम 17 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा टालने की सलाह दी है।