लेटेस्ट हिमाचल प्रदेश न्यूज़ हेडलाइंस

Himachal Weather / आज ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी, मैदानों में गर्म हवाएं चलने का पूर्वानुमान

हिमाचलनाउ डेस्क | 8 अप्रैल 2025 at 9:17 am

Share On WhatsApp Share On Facebook Share On Twitter

शिमला, 8 अप्रैल 2025।
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। मंगलवार को जहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है, वहीं मैदानी इलाकों में गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है और सोमवार को प्रदेश के 14 स्थानों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक गर्मी ऊना में रही, जहां पारा 36.8 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, मंगलवार को चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। साथ ही 10 से 12 अप्रैल के बीच इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं, निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भी इन दिनों के दौरान हल्की बारिश हो सकती है।

प्रदेश की राजधानी शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार को मौसम साफ रहा, लेकिन कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन जैसे जिलों के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलीं। मंगलवार को भी इन क्षेत्रों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है और मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। न्यूनतम तापमान में भी औसतन चार डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे सुबह और रात की ठंडक में कमी आई है।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

मौसम विभाग के अनुसार सप्ताह के बाकी दिनों में राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है, हालांकि ऊपरी हिमाचल में मौसम के उतार-चढ़ाव जारी रहने की आशंका है। बीते रविवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री, धर्मशाला में 15.9, ऊना में 12.0, नाहन में 17.1, सोलन में 11.4, मंडी में 14.6, और केलांग में 0.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मुख्य क्षेत्रों में अधिकतम तापमान (सोमवार):

  • ऊना: 36.8°C
  • कांगड़ा: 35.0°C
  • धौलाकुआं: 34.9°C
  • बिलासपुर: 34.5°C
  • सुंदरनगर: 34.3°C
  • नाहन: 33.9°C
  • मंडी: 33.6°C
  • बरठीं: 33.2°C
  • भुंतर: 33.2°C
  • सोलन: 31.5°C
  • चंबा: 31.2°C
  • धर्मशाला: 31.0°C
  • सेऊबाग: 30.5°C
  • जुब्बड़हट्टी: 30.2°C
  • मनाली: 26.3°C
  • शिमला: 26.0°C
  • कल्पा: 22.7°C
  • केलांग: 17.8°C

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!

Join WhatsApp Group

आपकी राय, हमारी शक्ति!
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया साझा करें


[web_stories title="false" view="grid", circle_size="20", number_of_stories= "7"]