Himachal Weather / कालाअंब और पांवटा साहिब में 42 डिग्री तक पहुंचा तापमान, हीट वेव से जनजीवन प्रभावित
Himachal Weather : जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब और पांवटा साहिब में इन दिनों भीषण गर्मी और हीट वेव ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। क्षेत्र में दोपहर के समय तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जबकि सुबह और रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। लगातार बढ़ते तापमान का असर आम जनजीवन, बाजारों और निर्माण कार्यों पर साफ दिखाई दे रहा है।
सिरमौर/पांवटा साहिब
जानकारी के अनुसार सुबह 8 बजे और रात 8 बजे के आसपास भी तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। तेज गर्मी और गर्म हवाओं के चलते स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मजदूर वर्ग को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कालाअंब और पांवटा साहिब के बाजारों में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक लोगों की आवाजाही काफी कम हो गई है और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहने लगा है।
भीषण गर्मी का असर निर्माण कार्यों पर भी देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर दोपहर के समय निर्माणाधीन भवनों में काम रोकना पड़ रहा है। वहीं तेज धूप और गर्म लू को देखते हुए पांवटा साहिब प्रशासन ने स्कूलों के समय में भी बदलाव किया है, ताकि विद्यार्थियों को गर्मी से राहत मिल सके।
चिकित्सकों ने लोगों को सावधानी बरतने की दी सलाह
चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। त्रिलोकपुर स्थित आयुर्वेदिक औषधालय की आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अदिति शर्मा ने बताया कि दोपहर के समय हीट वेव का प्रभाव अधिक रहता है, जिससे शरीर में पानी की कमी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने लोगों को पूरी बाजू के कपड़े पहनने, अधिक मात्रा में पानी पीने और धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार गर्मी से बचाव के लिए नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी और रसीले फलों का सेवन लाभदायक है। इसके साथ ही तली-भुनी और बासी खाद्य वस्तुओं से परहेज करने की सलाह भी दी गई है।