Loading...

Monsoon/ सिरमौर में बारिश का कहर जारी, 50 सड़कें बंद, 85 पेयजल व सिंचाई योजनाएं प्रभावित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 45 Mins Ago • 1 Min Read

जिला सिरमौर में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। पिछले 24 घंटों में 50 सड़कें बंद, 85 पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं प्रभावित और 25 वितरण ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखते हुए प्रभावित सेवाओं की बहाली शुरू कर दी है तथा लोगों से सतर्क रहने और आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करने की अपील की है।

नाहन

जिला सिरमौर में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पर व्यापक असर डाला है। पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश के कारण जिले में 50 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जबकि 85 पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं प्रभावित हुई हैं। बिजली व्यवस्था पर भी असर पड़ा है और 25 वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीआर) क्षतिग्रस्त या प्रभावित हुए हैं। जिला आपदा परिचालन केंद्र (डीईओसी) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

बारिश के कारण पच्छाद उपमंडल के उन्नेर कनमाना गांव में कांता देवी का गौशाला क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे लगभग 10 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। वहीं शिलाई उपमंडल के मनाल गांव में सुनील का कच्चा मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसमें करीब 50 हजार रुपये की क्षति का अनुमान है।

कृषि क्षेत्र भी बारिश की मार से अछूता नहीं रहा। आलू, अदरक और तिलहन की फसलों को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार कृषि क्षेत्र में लगभग 2.19 लाख रुपये की क्षति दर्ज की गई है।

लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 50 सड़कें बंद हैं। इनमें संगड़ाह मंडल की 10, शिलाई की 10, नाहन की 21, राजगढ़ की 3 तथा सराहां मंडल की 6 सड़कें शामिल हैं। हालांकि सभी राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए खुले हैं।

जल शक्ति विभाग की 85 योजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिनमें 79 पेयजल और 6 सिंचाई योजनाएं शामिल हैं। नाहन मंडल की 13, संगड़ाह की 24, राजगढ़ की 27 तथा शिलाई की 21 योजनाएं प्रभावित हैं। विभाग द्वारा इन योजनाओं को बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार जल शक्ति विभाग को करीब 4.88 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के अनुसार जिले में 25 डीटीआर प्रभावित हुए हैं। इनमें नाहन क्षेत्र के 6 और राजगढ़ क्षेत्र के 19 डीटीआर शामिल हैं।

शनिवार को जिले में सर्वाधिक 40 मिलीमीटर वर्षा संगड़ाह में दर्ज की गई। इसके अलावा ददाहू में 27 मिमी, शिलाई में 25 मिमी, राजगढ़ में 22 मिमी, पांवटा साहिब में 18 मिमी तथा नौहराधार में 10 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि नाहन में वर्षा नहीं हुई। मौसम विभाग ने जिले में बादल छाए रहने की संभावना जताई है।

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करने की अपील की है।

Related Topics: