Loading...

Himachal Weather / भीषण गर्मी के बीच हिमाचल में बारिश और अंधड़ के आसार, कई जिलों में अलर्ट जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachal Weather : हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 22 मई से कई जिलों में बारिश, गरज, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है, जबकि कई जिलों में उष्ण लहर का असर बना हुआ है।

शिमला

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहा। इस दौरान शिमला, ऊना, धर्मशाला, पालमपुर और सोलन में उष्ण लहर दर्ज की गई। राज्य में अधिकतम तापमान ऊना में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

प्रदेश के कई हिस्सों में मई माह के दौरान तापमान ने पुराने रिकॉर्ड तोड़े हैं। राजधानी शिमला, कांगड़ा, नाहन, सोलन, मंडी और बिलासपुर में सामान्य से 4 से 5 डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया गया। दिन के समय तेज धूप और उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मैदानी जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी के निचले क्षेत्रों में लू चलने की संभावना जताई गई है।

22 मई से बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 मई को प्रदेश के मैदानी, मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। इसके अलावा 26 मई तक मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश का क्रम जारी रहने का अनुमान है।

विभाग ने 22 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 21 से 23 मई तक कई जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

स्कूलों के समय में किया गया बदलाव

भीषण गर्मी को देखते हुए सोलन जिले में सरकारी और निजी स्कूलों की प्रार्थना सभा का समय सीमित कर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि सुबह की प्रार्थना सभा 10 से 15 मिनट के भीतर पूरी की जाए। इससे पहले ऊना जिले में भी स्कूलों के समय में बदलाव किया जा चुका है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की जा सकती है। शिमला शहर में 22 और 23 मई को गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

Related Topics: