Loading...

Monsoon / सिरमौर में बारिश का कहर: 34 सड़कें बंद, पांवटा में 63 ट्रांसफार्मर ठप, 87 लाख का नुकसान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 59 Mins Ago • 1 Min Read

Monsoon : सिरमौर में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है, जहां 34 सड़कें बंद होने के साथ लोक निर्माण विभाग को 87 लाख रुपये के नुकसान का प्रारंभिक आकलन हुआ है। पांवटा साहिब में 63 बिजली ट्रांसफार्मर प्रभावित होने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

नाहन

जिला सिरमौर में लगातार हो रही बारिश अब जनजीवन पर भारी पड़ने लगी है। भारी वर्षा के चलते जिले की 34 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि लोक निर्माण विभाग को करीब 87 लाख रुपये के नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया गया है। वहीं पांवटा साहिब में 63 बिजली वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीआर) प्रभावित और क्षतिग्रस्त होने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है।जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा गुरुवार दोपहर 3 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक 21 सड़कें शिलाई मंडल में बंद हैं। इसके अलावा संगड़ाह में 8, नाहन में 4 और राजगढ़ मंडल में 1 सड़क यातायात के लिए अवरुद्ध है। लोक निर्माण विभाग की टीमें सड़कों को जल्द बहाल करने में जुटी हुई हैं।

बारिश के बीच शिलाई उपमंडल के चांपुरधार क्षेत्र में एक बैल के गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। यह घटना 8 जुलाई की बताई गई है। मृत बैल कंडी निवासी चतर सिंह का था। प्रशासन ने पशुहानि का प्रारंभिक नुकसान 15 हजार रुपये आंका है।उधर, पांवटा साहिब में 63 डीटीआर प्रभावित होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली विभाग की टीमें युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं और जल्द आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।मौसम विभाग के अनुसार जिले में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। जिला प्रशासन ने लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और क्षतिग्रस्त सड़कों से दूर रहने तथा मौसम साफ होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Related Topics: