सिरमौर में बारिश का कहर जारी: 73 सड़कें बंद, 218 ट्रांसफार्मर और 64 पेयजल योजनाएं प्रभावित
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सिरमौर जिले में सड़क, बिजली और पेयजल सेवाएं व्यापक रूप से प्रभावित हुई हैं। भूस्खलन और मलबा आने से कई सड़कें बंद हैं, जबकि सैकड़ों ट्रांसफार्मर और पेयजल योजनाएं बाधित होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।
नाहन
जिला सिरमौर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बीते 24 घंटों के दौरान भारी वर्षा, भूस्खलन और जगह-जगह मलबा आने से जिले में 73 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि 218 विद्युत वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीआर) ठप होने से अनेक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा 64 पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
जिला आपदा परिचालन केंद्र (डीईओसी) के अनुसार लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत सबसे अधिक 27 सड़कें शिलाई मंडल में बंद हैं। इसके अलावा संगड़ाह मंडल में 19, नाहन मंडल में 12, सराहां मंडल में 11 तथा राजगढ़ मंडल में 3 सड़कें भूस्खलन और मलबा आने से अवरुद्ध हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात फिलहाल सुचारु बना हुआ है।
विद्युत विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 218 डीटीआर प्रभावित हुए हैं। इनमें नाहन क्षेत्र के 100, पांवटा साहिब के 64 तथा राजगढ़ क्षेत्र के 54 ट्रांसफार्मर शामिल हैं। विभाग की टीमें विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटी हुई हैं।
उधर, जल शक्ति विभाग की 64 पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं भी भारी बारिश से प्रभावित हुई हैं। इनमें राजगढ़ क्षेत्र की 27, संगड़ाह की 24 तथा नाहन क्षेत्र की 13 योजनाएं शामिल हैं। विभाग प्रभावित योजनाओं को जल्द बहाल करने के प्रयास कर रहा है।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो नाहन में सर्वाधिक 159 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा नोहराधार में 100 मिलीमीटर, पांवटा साहिब में 98 मिलीमीटर, ददाहू में 97 मिलीमीटर, राजगढ़ में 91 मिलीमीटर, संगड़ाह में 80 मिलीमीटर तथा शिलाई में 65 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने फिलहाल जिले में हल्की बारिश की संभावना जताई है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।
