सिरमौर में बारिश के बाद 26 सड़कें बंद, 26 पेयजल योजनाएं प्रभावित
पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के बाद सिरमौर जिले में 26 सड़कें और 26 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। सबसे अधिक सड़कें संगड़ाह और शिलाई मंडल में बंद हैं, जबकि नाहन में सर्वाधिक 23 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
नाहन
सिरमौर जिला में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश के बाद जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की मंगलवार अपराह्न 3:45 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में लोक निर्माण विभाग की 26 सड़कें बंद हैं, जबकि जल शक्ति विभाग की 26 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक आठ-आठ सड़कें संगड़ाह और शिलाई मंडल में बंद हैं। इसके अलावा राजगढ़ में छह, पांवटा साहिब में तीन तथा नाहन में एक सड़क यातायात के लिए बंद है। हालांकि राहत की बात यह है कि जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह सुचारू हैं और बिजली विभाग के किसी भी वितरण ट्रांसफार्मर (डीटीआर) के प्रभावित होने की सूचना नहीं है।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो नाहन में सर्वाधिक 23 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा ददाहू में 22.8 मिमी, नोहराधार में 15 मिमी, पांवटा साहिब में 12.8 मिमी, शिलाई में 10.5 मिमी तथा राजगढ़ और संगड़ाह में 4-4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।वहीं जल शक्ति विभाग की रिपोर्ट के अनुसार नोहराधार क्षेत्र की 20 पेयजल योजनाएं, नाहन की तीन और राजगढ़ की तीन योजनाएं प्रभावित हुई हैं। प्रशासन ने संबंधित विभागों को बंद सड़कों को शीघ्र बहाल करने और प्रभावित पेयजल योजनाओं को जल्द सुचारू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।