Loading...

बारिश का कहर जारी: सिरमौर में सर्पदंश से युवक की मौत, 73 सड़कें बंद, करोड़ों का नुकसान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 2 Hours Ago • 1 Min Read

लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सिरमौर जिले में सर्पदंश से एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। भूस्खलन और बारिश से कई सड़कें बंद होने के साथ विभिन्न विभागों को करोड़ों रुपये के नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

नाहन

जिला सिरमौर में लगातार हो रही भारी बारिश जनजीवन पर भारी पड़ रही है। बारिश के बीच एक दुखद घटना में पांवटा साहिब उपमंडल के जामलीवाला क्षेत्र में सर्पदंश से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वहीं जिले में 73 सड़कें बंद होने, पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के प्रभावित होने तथा एक गौशाला के क्षतिग्रस्त होने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जामलीवाला (तहसील पांवटा साहिब) में सहारनपुर निवासी 25 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र विनोद कुमार की सर्पदंश के कारण मृत्यु हो गई। प्रशासन ने मामले की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

भारी बारिश के चलते ददाहू तहसील के बेड़ों गांव में भीमानंद पुत्र जालम सिंह की गौशाला क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में लगभग 30 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।बारिश के कारण जल शक्ति विभाग की तीन पेयजल योजनाएं तथा एक सिंचाई योजना भी प्रभावित हुई हैं। नाहन मंडल की तीन पेयजल योजनाएं और एक सिंचाई योजना प्रभावित होने से करीब 24 लाख रुपये के नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया गया है।

लोक निर्माण विभाग को भी भारी क्षति पहुंची है। जिले में कुल 73 सड़कें भारी बारिश और भूस्खलन के कारण बंद या क्षतिग्रस्त हैं। इनमें संगड़ाह मंडल की 19, शिलाई की 27, नाहन की 12, राजगढ़ की 3, पांवटा साहिब की 1 तथा सराहां मंडल की 11 सड़कें शामिल हैं। सड़कों को हुए नुकसान का प्रारंभिक अनुमान 5 करोड़ 1 लाख 52 हजार रुपये लगाया गया है।प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। साथ ही संबंधित विभागों की टीमें सड़कें बहाल करने और प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाएं सुचारु करने में जुटी हुई हैं।

Related Topics: