Himachal Weather / ऊना में पारा 41 डिग्री पार, तीन जिलों में हीट वेव और कई क्षेत्रों में बारिश के आसार
Himachal Weather : हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। वहीं ऊना राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 जून को ऊना, बिलासपुर और सोलन जिलों में एक-दो स्थानों पर उष्ण लहर चलने की संभावना है, जबकि प्रदेश के कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।
कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों के कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं 10 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में भी कुछ स्थानों पर वर्षा और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हालांकि 8 जून के लिए प्रदेश में किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
ऊना सबसे गर्म, कुकुमसेरी और केलांग सबसे ठंडे रहे
पिछले 24 घंटों के दौरान ऊना में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कुकुमसेरी और केलांग में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शिमला का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा। कल्पा में अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री और न्यूनतम 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मनाली का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शिमला में साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 जून को शिमला शहर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान शिमला का अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।