Loading...

Himcare Card / हिमकेयर कार्ड अब तिमाही आधार पर ही बनेंगे, जुलाई के बाद हर तीन महीने में खुलेगा पोर्टल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 5 Jul 2025 • 1 Min Read

Himcare Card : सरकार ने हिमकेयर योजना की पंजीकरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित कर दिया है। अब नए कार्ड साल में केवल चार बार—मार्च, जून, सितंबर और दिसंबर में बनाए जाएंगे। जुलाई 2025 के बाद से यह व्यवस्था लागू होगी।

अब त्रैमासिक आधार पर होगी नई कार्ड प्रक्रिया
हिमाचल प्रदेश सरकार ने हिमकेयर योजना के अंतर्गत पंजीकरण को सुव्यवस्थित करने के लिए एक बड़ा बदलाव किया है। अब यह कार्ड केवल तिमाही आधार पर बनाए जाएंगे। यानी पोर्टल हर साल मार्च, जून, सितंबर और दिसंबर में ही एक महीने के लिए खुलेगा। यह नई व्यवस्था जुलाई 2025 के बाद से लागू होगी।

हिमकेयर से अब तक 5.80 लाख लाभार्थी जुड़े
सरकार ने दिसंबर 2022 से अब तक हिमकेयर योजना के तहत प्रदेश के 5.80 लाख से अधिक लोगों को करीब 810 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य सहायता दी है। योजना के तहत कुल 3,227 बीमारियों का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। इसमें सरकारी संस्थानों के अलावा पीजीआई चंडीगढ़ और टाटा मेमोरियल सेंटर जैसे संस्थान भी शामिल हैं।

नवीनीकरण की सुविधा पूरे वर्ष उपलब्ध
हालांकि कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अब त्रैमासिक कर दी गई है, लेकिन कार्ड का नवीनीकरण पूरे साल किसी भी समय किया जा सकेगा। यदि कार्ड की वैधता समाप्त हो जाती है, तो नया कार्ड केवल तिमाही माह में ही बन सकेगा। नवीनीकरण समय पर नहीं होने की स्थिति में मार्च, जून, सितंबर या दिसंबर में ही संभव होगा।

फीस और पात्रता वर्गों की विस्तृत जानकारी
हिमकेयर योजना के अंतर्गत बीपीएल, मनरेगा मजदूर, रेहड़ी-फड़ी वाले, अनाथ, जेल कैदी आदि के लिए कार्ड पूरी तरह निःशुल्क हैं। वहीं, एकल महिला, दिव्यांगजन, मिड डे मील वर्कर, आउटसोर्स कर्मचारी जैसे वर्गों के लिए 365 रुपये और अन्य पात्र लोगों के लिए 1,000 रुपये का शुल्क रखा गया है। योजना के तहत हर कार्ड में अधिकतम पांच सदस्य शामिल किए जा सकते हैं।