HP RESULT / सिरमौर के सितारों का मैट्रिक में शानदार प्रदर्शन
टॉप 10 में लहराया परचम, सरकारी स्कूलों ने भी मारी बाजी
नाहन
हिमाचल प्रदेश बोर्ड ऑफ़ स्कूल एजुकेशन, धर्मशाला द्वारा घोषित मैट्रिक (मार्च-2025) परीक्षा के नतीजों में सिरमौर जिले के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिले के कई छात्रों ने प्रांतीय मेरिट सूची के टॉप 10 में स्थान हासिल कर न केवल अपने परिवारों बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। इस बार के नतीजों में निजी स्कूलों के साथ-साथ सरकारी स्कूलों के छात्रों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी विशेष क्षेत्र या संस्थान की मोहताज नहीं होती।
अनुराग और शिवम ने किया जिले का नाम रोशन
जिले के छात्रों में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन नाहन के करियर एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के अनुराग ठाकुर ने किया, जिन्होंने 98.57% अंक प्राप्त कर प्रांतीय स्तर पर सातवां रैंक हासिल किया। उनके साथ ही एस वी एन पब्लिक स्कूल, नाहन के शिवम यश पाल चौहान ने भी समान अंक प्राप्त कर सातवां स्थान साझा किया। इन दोनों छात्रों की इस शानदार सफलता से जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सरकारी स्कूलों की छात्राओं ने भी दिखाया दम
इस बार की मेरिट सूची में सरकारी स्कूलों की छात्राओं ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सराहां की गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा राधिका शर्मा ने 98.29% अंक हासिल कर नौवां रैंक प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि ने अन्य सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।
आदर्श विद्या निकेतन की दो छात्राओं ने भी जमाई धाक
नाहन के ही आदर्श विद्या निकेतन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दो प्रतिभाशाली छात्राओं, मन्नत सभरवाल और अदिति राणा ने भी 98.29% अंकों के साथ नौवां स्थान प्राप्त कर अपनी स्कूल और जिले का मान बढ़ाया है। बरहाल इन छात्राओं की सफलता दर्शाती है कि लगन और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। वही एक कन्या गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराहन की सरकारी स्कूल की छात्रा ने भी 98.29 परसेंट नंबर लाकर सरकारी शिक्षा की भी लाज बचाई है। राधिका शर्मा पच्छाद के मानगढ़ गांव की रहने वाली है। बेटी की इस उपलब्धि को लेकर न केवल गांव में बल्कि पूरे जिला में खुशी मनाई जा रही है।
बधाइयों का तांता
इन उत्कृष्ट परिणामों के बाद सफल छात्रों और उनके स्कूलों को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिले के गणमान्य व्यक्तियों ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनकी इस असाधारण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। यह सफलता न केवल छात्रों की कड़ी मेहनत बल्कि उनके शिक्षकों और अभिभावकों के समर्पण का भी परिणाम है।