HP RESULT / 10वीं कक्षा के परिणाम में बेटियों का दबदबा , साइना ठाकुर बनी टॉपर, देखें मेरिट लिस्ट
95 हजार विद्यार्थियों ने दी परीक्षा, डिजीलाॅकर में मिलेंगे प्रमाणपत्र
धर्मशाला
बेटियों ने फिर मारी बाजी, 79.08 प्रतिशत रहा परीक्षा परिणाम
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस बार परीक्षा परिणाम 79.08 प्रतिशत रहा है। न्यूगल मॉडल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल भवारना की साइना ठाकुर ने 99.43 प्रतिशत अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया है। आर के सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, घंडालीन बिलासपुर ने 99.29 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।
संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर
मॉडर्न पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्वारघाट की मुदिता शर्मा और मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं की परणिका शर्मा ने 99.14 प्रतिशत अंक लेकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बोर्ड सचिव ने दी जानकारी
स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि 10वीं कक्षा की परीक्षाएं मार्च में आयोजित की गई थीं, जिनमें प्रदेशभर के 95,000 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान 2,300 परीक्षा केंद्रों का गठन किया गया था। पहली बार बोर्ड ने ओएमआर शीट और स्टेपवाइज मार्किंग पद्धति का उपयोग किया, जिससे उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।
डिजीलाॅकर में मिलेंगे प्रमाणपत्र
इस बार परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के प्रमाणपत्र डिजीलाॅकर के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।
बीते साल बेटियों का रहा था दबदबा
2024 में भी परीक्षा परिणाम में बेटियों का दबदबा रहा था। उस वर्ष परीक्षा परिणाम 74.61 प्रतिशत रहा था। टॉप 10 सूची में 71 बेटियां और 21 छात्र शामिल थे।
री-अपीयर परीक्षाओं की तिथि घोषित
बोर्ड ने 5वीं और 8वीं कक्षाओं की री-अपीयर परीक्षाओं की तिथियां भी घोषित कर दी हैं। कक्षा 5वीं की परीक्षाएं 29 से 30 मई और कक्षा 8वीं की परीक्षाएं 26 मई से 4 जून तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होंगी।