HPRCA / JOA (लाइब्रेरी) भर्ती का अंतिम परिणाम जारी, 77 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
HPRCA : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (लाइब्रेरी) के 78 ट्रेनी पदों के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड-25024 के तहत आयोजित इस भर्ती में दस्तावेज सत्यापन के बाद 77 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया है, जबकि पात्र उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होने के कारण एक पद रिक्त रह गया।
हमीरपुर
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस भर्ती के लिए कुल 1355 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 1051 अभ्यर्थियों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर 159 उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट कर दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया।
दस्तावेज सत्यापन के बाद 77 अभ्यर्थियों का चयन
आयोग ने 6 और 8 जून को चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद 77 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से चयनित किया गया। आयोग के अनुसार अनुसूचित जाति (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) वर्ग के लिए आरक्षित एक पद पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण रिक्त रखा गया है।
आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है परिणाम
आयोग ने सफल अभ्यर्थियों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी है। अंतिम परिणाम में चयनित उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्तांक भी उपलब्ध कराए गए हैं। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
