HPU Fee Hike / HPU में फीस वृद्धि के विरोध में अभाविप की क्रमिक भूख हड़ताल तीसरे दिन जारी
HPU Fee Hike / हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि और छात्रों की लंबित मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रतीकात्मक एवं क्रमिक भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। अभाविप ने विश्वविद्यालय प्रशासन से फीस वृद्धि का फैसला तत्काल वापस लेने और छात्र संघ चुनाव जल्द बहाल करने की मांग की है।
आंदोलन के तीसरे दिन इकाई उपाध्यक्ष अक्षय ठाकुर और इकाई उपाध्यक्ष अंकुश वर्मा ने क्रमिक भूख हड़ताल के 24 घंटे पूरे किए। इसके बाद इकाई सह मंत्री विकास शर्मा और प्रदेश सह मंत्री भवानी ठाकुर अगले 24 घंटे के लिए भूख हड़ताल पर बैठे। धरना स्थल पर परिषद के कार्यकर्ता और अन्य छात्र भी मौजूद रहे।
नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों की फीस बढ़ाने का विरोध
इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय में नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों की फीस पहले ही कुछ निजी विश्वविद्यालयों से अधिक है। इसके बावजूद इन सीटों की फीस में 25 से 30 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में निजी विश्वविद्यालयों जैसी सुविधाएं नहीं हैं, इसलिए फीस बढ़ाने का फैसला वापस लिया जाना चाहिए।

अक्षय ठाकुर ने रनिंग सत्र की फीस बढ़ाने पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि पुराने फीस ढांचे को देखकर दाखिला लेने वाले छात्रों पर बढ़ी हुई फीस लागू करना अन्यायपूर्ण है। परिषद ने कुलपति के खिलाफ नारेबाजी जारी रहने की बात भी कही।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
अभाविप ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को फीस वृद्धि तत्काल वापस लेने के साथ लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए छात्र संघ चुनाव जल्द बहाल करने चाहिए। अक्षय ठाकुर ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक रुख नहीं अपनाए जाने की स्थिति में आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।