Loading...

Independence Day 2026 / देश मना रहा 80वां स्वतंत्रता दिवस, लाल किला पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 5 Hours Ago • 1 Min Read

Independence Day 2026 / देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करने और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने के बाद लाल किला पहुंचे। वह लाल किले से आयोजित राष्ट्रीय समारोह की अगुवाई कर रहे हैं और प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। कश्मीर से कन्याकुमारी तक स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अनगिनत सेनानियों के साहस, बलिदान और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें नमन किया। दिल्ली में मुख्य राष्ट्रीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष के कार्यक्रम में युवा शक्ति की ऊर्जा और उम्मीदों के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं के योगदान पर विशेष ध्यान दिया गया है।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष का उत्सव

इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस समारोह इसलिए भी विशेष है क्योंकि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव भी मनाया जा रहा है। लाल किले में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में पहली बार वंदे मातरम् को औपचारिक रूप से गाया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अपने आवास पर तिरंगा फहराया।

https://www.facebook.com/share/v/19TgbJgcmw/

देश-विदेश से मिली शुभकामनाएं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आजादी के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले सेनानियों को नमन किया। उन्होंने विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को गति देने का संकल्प लेने का आह्वान किया। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी भारत को बधाई दी और रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष सहयोग तथा व्यापार के क्षेत्रों में भारत-अमेरिका सहयोग का उल्लेख किया।

ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर प्रसिद्ध रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रेत कलाकृति बनाई। देशभर में आयोजित समारोहों के बीच लाल किले का राष्ट्रीय कार्यक्रम मुख्य आकर्षण बना हुआ है। इस आयोजन में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति संकल्प को प्रमुखता दी गई है।