अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला 19 से 24 नवंबर तक, शुभारंभ के लिए उपमुख्यमंत्री को न्योता
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला-2026 का आयोजन 19 से 24 नवंबर तक श्री रेणुकाजी में किया जाएगा। मेले के विधिवत शुभारंभ के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार और सिरमौर की उपायुक्त एवं बोर्ड की उपाध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने शिमला में उनसे भेंट कर यह निमंत्रण दिया।
सिरमौर
भेंट के दौरान उपमुख्यमंत्री को अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि यह आयोजन जिला सिरमौर की समृद्ध परंपराओं का प्रमुख प्रतीक है। विनय कुमार और प्रियंका वर्मा ने शुभारंभ समारोह में उनकी उपस्थिति का आग्रह किया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मेले के सफल आयोजन के लिए जिला सिरमौर के निवासियों को शुभकामनाएं दीं।
भगवान परशुराम और माता रेणुका के मिलन का प्रतीक
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला जिला सिरमौर का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। यह मेला भगवान परशुराम और माता रेणुका के पवित्र मिलन का प्रतीक माना जाता है। इसके साथ ही आयोजन हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक विरासत को भी प्रदर्शित करता है। वर्ष 2026 में यह मेला 19 नवंबर से शुरू होकर 24 नवंबर तक श्री रेणुकाजी में आयोजित होगा।