Loading...

अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला 19 नवंबर से, छह दिन चलेगा आयोजन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Hours Ago • 1 Min Read

अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला-2026 का आयोजन 19 से 24 नवंबर तक किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर श्री रेणुकाजी स्थित कुब्जा पवेलियन में विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पारंपरिक आयोजनों के साथ सुरक्षा, सफाई, पेयजल, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य सुविधाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था पर चर्चा की गई।

सिरमौर/श्री रेणुकाजी

विनय कुमार ने बताया कि परंपरा के अनुसार क्षेत्र के देवताओं को मेले में आमंत्रित किया जाएगा। मेला अवधि के दौरान पारंपरिक शोभायात्रा, रेणुका घाट पर आरती और नौका विहार का आयोजन होगा। उन्होंने अधिकारियों तथा विकास बोर्ड के सरकारी और गैर सरकारी सदस्यों से समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनसमर्थन और जनभागीदारी के कारण यह मेला सफलतापूर्वक आयोजित होता रहा है तथा इस बार भी व्यवस्थाओं में सुधार के प्रयास किए जाएंगे।

सफाई, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं पर जोर

बैठक में मेले के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता की नियमित जांच, अस्थायी पाइप लाइनों से स्वच्छ पेयजल आपूर्ति और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने को भी कहा गया। संबंधित विभागों को परिवहन, यातायात, पार्किंग और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला 19 नवंबर से, छह दिन चलेगा आयोजन

मेला अवधि में चयनित स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। विभिन्न विभाग प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाएंगे, ताकि मेले में आने वाले लोगों को योजनाओं की जानकारी मिल सके। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने कहा कि आयोजन के लिए विभिन्न उपसमितियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि मेले के माध्यम से प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान को प्रोत्साहित किया जाएगा।

सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली कलाकारों को प्राथमिकता

विनय कुमार ने कहा कि मेले में विभिन्न सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी और प्रस्तुतियों के लिए प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में हिमाचली कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त दंगल, वाद्य दल और अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्री रेणुकाजी मेले की स्वीकृति विकास बोर्ड द्वारा प्रदेश सरकार से ली जाती है। उन्होंने लोगों से मेले की स्वीकृति के नाम पर चंदा एकत्र करने वालों से सतर्क रहने और ऐसे मामलों की शिकायत प्रशासन तथा बोर्ड से करने का आग्रह किया।

बैठक का संचालन एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने किया और सभी विषय क्रमवार प्रस्तुत किए। बैठक में पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एकता काप्टा, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड के सरकारी और गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में आयोजन से जुड़े विभागों को समय रहते अपनी तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के लिए कहा गया।

Related Topics: