ITI / आईटीआई नाहन में प्रवेश के लिए 11 अगस्त तक करें आवेदन, 12 से 14 अगस्त तक होगा स्पॉट राउंड
ITI / औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नाहन में सत्र 2026-27 के लिए एससीवीटी एवं एनसीवीटी के अंतर्गत रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 8 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि 12 से 14 अगस्त तक स्पॉट राउंड के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा।
नाहन
आईटीआई नाहन के प्रधानाचार्य अशरफ अली ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु आवेदन 8 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्पॉट राउंड में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। इसके लिए अभ्यर्थियों को 11 अगस्त से पहले www.hptechboard.com पर अपना पंजीकरण कर निर्धारित शुल्क जमा करवाना होगा।
12 से 14 अगस्त तक होगा स्पॉट राउंड
प्रधानाचार्य ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक स्पॉट राउंड आयोजित किया जाएगा। केवल वही अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकेंगे, जिन्होंने ऑनलाइन पोर्टल पर पूर्व पंजीकरण कराया होगा।
आवेदन के समय ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र का प्रिंट, दसवीं का प्रमाण पत्र, तहसील कार्यालय से जारी चरित्र प्रमाण पत्र, मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आईटीआई नाहन में अवकाश के दिनों में भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। 11 अगस्त 2026 को केवल प्रातः 11 बजे तक ही आवेदन लिए जाएंगे।