Loading...

जवाली में बड़ी चोरी: डेढ़ करोड़ के गहने और एक लाख नकदी गायब, CCTV-DVR भी ले गए चोर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

जवाली पुलिस थाना क्षेत्र की भलू पंचायत में बुधवार रात एक घर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये के गहने और एक लाख रुपये नकदी चोरी होने की शिकायत सामने आई है। वारदात के बाद घर में लगे CCTV कैमरे और DVR भी गायब मिले। सूचना मिलने पर पुलिस ने गुरुवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया और शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कांगड़ा/जवाली

यह मकान शशि मोहल पत्नी प्रेम सिंह का है, जो दुबई में रहती हैं। उन्होंने सुरक्षा के लिए घर में CCTV कैमरे लगवा रखे थे और इन्हें अपने मोबाइल फोन से जोड़ा था। बुधवार रात चोरों के घर में प्रवेश करते ही कैमरों से संबंधित अलर्ट मिलने पर उन्होंने तत्काल अपने एक रिश्तेदार को इसकी जानकारी दी। गुरुवार को रिश्तेदार मकान पर पहुंचा तो कमरों में सामान बिखरा हुआ मिला, जिसके बाद जवाली पुलिस थाने को घटना की सूचना दी गई।

शिकायत के अनुसार, चोर चारदीवारी फांदकर परिसर में दाखिल हुए और मुख्य दरवाजा खोलकर दो मंजिला मकान के अंदर पहुंचे। उन्होंने अलग-अलग कमरों में रखे सामान की तलाशी ली और वहां मिले गहने तथा नकदी ले गए। पीड़ित महिला ने फोन पर बताया कि घर में करीब डेढ़ करोड़ रुपये के गहने और एक लाख रुपये नकदी रखी थी। हालांकि, पुलिस को एक कमरे में कुछ गहने सुरक्षित भी मिले हैं।

घटना से जुड़े साक्ष्य नहीं मिल सकें, इसके लिए चोर घर में लगे CCTV कैमरे और DVR भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिस्थितियों की जांच की और शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर छानबीन शुरू कर दी। इससे पहले पनालथ पंचायत में करीब 21 लाख रुपये के गहनों और नकदी की चोरी का मामला सामने आया था। घाड़जरोट के दो घरों में भी चोरी का प्रयास हुआ था, लेकिन परिजनों के जागने से आरोपी सफल नहीं हो पाए थे।

Related Topics: