Job Interview / बारबेक्यू नेशनल हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में 100 पदों पर भर्ती, 11 जून को अंब में साक्षात्कार
Job Interview : हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी बारबेक्यू नेशनल हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में 100 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 11 जून को सुबह 10:30 बजे उप रोजगार कार्यालय अंब में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि 10वीं, 12वीं अथवा डिप्लोमा उत्तीर्ण युवा इन पदों के लिए भाग ले सकते हैं।
ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 19,600 रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) वेतन के साथ निःशुल्क भोजन, आवास, पीएफ, ईएसआई, इंसेंटिव तथा कंपनी की अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। कार्यस्थल उत्तर भारत के विभिन्न स्थानों पर रहेगा।
नौकरी के साथ उच्च शिक्षा का अवसर
चयनित अभ्यर्थियों को कार्य के साथ-साथ मेधावी यूनिवर्सिटी से मान्यता प्राप्त होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा अथवा डिग्री करने का अवसर मिलेगा। यह प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क होगा तथा अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रशिक्षण एवं अध्ययन सफलतापूर्वक पूरा करने पर विश्वविद्यालय द्वारा प्रमाण-पत्र, डिप्लोमा अथवा डिग्री प्रदान की जाएगी।
ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, जन्म तिथि प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा तथा अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो) की मूल एवं छायाप्रति साथ लानी होगी। जिला रोजगार अधिकारी ने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में भाग लेने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी के लिए 7009060387 पर संपर्क किया जा सकता है।