JOBS / पटवारियों के पदों के लिए आवेदन की तिथि 31 जनवरी तक बढ़ाई : अपूर्व देवगन
सेवानिवृत्त पटवारियों और कानूनगो के लिए अस्थाई भर्ती का मौका
JOBS / पटवारियों के पदों के लिए आवेदन की तिथि को बढ़ा दिया गया है । उपायुक्त मंडी, अपूर्व देवगन ने बताया कि राजस्व विभाग मंडी में खाली पटवारियों के 88 पदों को भरने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी, 2025 तक बढ़ा दी गई है। पहले यह तिथि 20 जनवरी, 2025 निर्धारित की गई थी।
अस्थाई नियुक्ति और मानदेय
उपायुक्त ने बताया कि इन रिक्त पदों को सेवानिवृत्त पटवारियों और कानूनगो की अस्थाई नियुक्ति के माध्यम से भरा जाएगा। नियुक्ति के लिए मासिक मानदेय 25 हजार रुपये होगा। शुरू में यह नियुक्ति 3 माह के लिए होगी, जिसे कार्यक्षमता के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
आवेदन के लिए आवश्यक पात्रता और दस्तावेज़
- उम्मीदवार की आयु 65 वर्ष से अधिक न हो।
- हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग में कम से कम 5 वर्ष की सेवा की हो।
- किसी अनुशासनात्मक कार्यवाही के लंबित न होने का शपथ पत्र।
- सत्यापित दसवीं प्रमाण पत्र, सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और शपथ पत्र।
वरीयता और अन्य शर्तें
यदि आवेदन पत्रों की संख्या पदों से अधिक हो, तो तुलनात्मक रूप से कम आयु के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह नियुक्ति पूरी तरह अस्थाई होगी और इसे किसी भी समय समाप्त किया जा सकता है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस भर्ती से पटवारियों की नियमित प्रमोशन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।