Loading...

Jobs / हिमाचल के स्वास्थ्य संस्थानों में 661 आईटी व डेटा एंट्री पद भरने को मंजूरी, एचएमआईएस होगा लागू

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 17 Mins Ago • 1 Min Read

Jobs / हिमाचल प्रदेश सरकार ने अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली यानी एचएमआईएस के प्रभावी संचालन के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में 661 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) और डेटा एंट्री ऑपरेटरों के पद भरने को मंजूरी दी है। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद चिकित्सकों को मरीजों का चिकित्सा विवरण और जांच रिपोर्ट एक क्लिक पर मिल सकेगी। सरकार का उद्देश्य मरीजों के रिकॉर्ड और अस्पतालों की प्रशासनिक प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाकर स्वास्थ्य सेवाओं में दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना है।

हिमाचल प्रदेश

राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और विभिन्न राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में 561 पद भरेगी। इनमें चिकित्सा शिक्षा निदेशालय शिमला में 20, आईजीएमसी शिमला में 100, नेरचौक चिकित्सा महाविद्यालय में 61, चंबा चिकित्सा महाविद्यालय में 50, टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में 100, हमीरपुर चिकित्सा महाविद्यालय में 90 और नाहन चिकित्सा महाविद्यालय में 50 पद शामिल हैं। इसके अलावा राजीव गांधी राजकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल शिमला में 20 और चमियाना स्थित अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज में 70 पद भरे जाएंगे।

प्रदेश के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में डेटा एंट्री ऑपरेटरों के अतिरिक्त 100 पद भरे जाएंगे। प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती से मरीजों और अस्पतालों से संबंधित सूचनाओं की समयबद्ध एंट्री, रखरखाव और नियमित अपडेट सुनिश्चित किया जाएगा। एचएमआईएस के माध्यम से मरीजों के रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट, अस्पतालों से संबंधित जानकारी, डेटा एंट्री और रिपोर्ट तैयार करने सहित आवश्यक संस्थागत प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण किया जाएगा। इससे चिकित्सकों और मरीजों को उपचार प्रक्रिया के दौरान जरूरी जानकारी प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।

तकनीक आधारित कार्यों में सहयोग करेंगे कर्मचारी

नियुक्त कर्मचारी ई-ऑफिस, ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन पत्राचार, एचएमआईएस संचालन, डेटा प्रबंधन, सरकारी पोर्टल संचालन और ई-वेतन से संबंधित कार्यों में सहयोग करेंगे। वे ऑनलाइन भर्ती एवं स्थापना मामलों, रिपोर्ट और विवरण तैयार करने तथा सरकारी ई-मार्केटप्लेस के माध्यम से होने वाली खरीद प्रक्रिया में भी भूमिका निभाएंगे। इनकी तैनाती से विद्यार्थियों, शिक्षण संकाय, चिकित्सा एवं गैर-चिकित्सा कर्मचारियों, मरीजों, अस्पतालों और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित डेटा का प्रबंधन अधिक व्यवस्थित करने में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य संस्थानों को पर्याप्त श्रम शक्ति, आधुनिक तकनीक और बेहतर आधारभूत ढांचे से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का स्तरोन्नयन सरकार की प्राथमिकता है, ताकि प्रदेशवासियों को राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। उनके अनुसार एचएमआईएस की शुरुआत और चिकित्सा संस्थानों में आईटी कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Related Topics: •