Loading...

खेलो हिमाचल प्रतियोगिता में नशा या तंबाकू सेवन पर पूरी टीम होगी अयोग्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 19 Mins Ago • 1 Min Read

खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026 के तहत चंबा जिले में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के दौरान किसी खिलाड़ी के नशीले पदार्थ, बीड़ी या सिगरेट का सेवन करते पकड़े जाने पर संबंधित पूरी टीम को अयोग्य घोषित किया जाएगा। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में उपमंडल और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा के साथ आयोजन स्थलों, पंजीकरण प्रक्रिया और खिलाड़ियों की भागीदारी पर चर्चा हुई।

चंबा

उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को खेल संघों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। सभी उपमंडलाधिकारियों को प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए नोडल अधिकारी तैनात करने को कहा गया। आयोजन स्थलों पर विद्यार्थियों और युवाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने तथा प्रायोजन के लिए कंपनियों एवं अन्य संस्थानों से संपर्क करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

मौसम को देखते हुए तिथियों में बदलाव पर विचार

बैठक में प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थल, वैकल्पिक आयोजन स्थलों और नियंत्रण कक्ष की स्थापना सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्रों और बर्फबारी की संभावना वाले इलाकों में मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिताओं की निर्धारित तिथियों में बदलाव की संभावना पर भी चर्चा हुई। खेल संघों के प्रतिनिधियों ने आयोजन को सुचारू और सफल बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए। प्रशासन ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी जरूरी प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए।

अब तक 1482 खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीकरण

जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार ने अभियान की रूपरेखा और प्रतियोगिताओं से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चंबा जिले से अब तक 1482 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है। बैठक में भटियात, डलहौजी, तीसा, पांगी और भरमौर के उपमंडलाधिकारी तथा भटियात के खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। चंबा के उपमंडलाधिकारी, उप पुलिस अधीक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड विकास अधिकारी और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि भी बैठक में उपस्थित रहे।

Related Topics: •