Jobs / सिरमौर पुलिस आरक्षी भर्ती की शारीरिक परीक्षा में 2752 अभ्यर्थी उत्तीर्ण
Jobs / सिरमौर जिले में पुलिस आरक्षी भर्ती के शारीरिक परीक्षण का चरण पूरा हो गया है। पुलिस लाइन नाहन में आयोजित शारीरिक प्रवीणता एवं शारीरिक मापदंड परीक्षा में कुल 2752 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इनमें महिला वर्ग की 1177 और पुरुष वर्ग के 1575 अभ्यर्थी शामिल हैं।
नाहन
पुलिस लाइन नाहन में भर्ती प्रक्रिया 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चली। महिला और पुरुष वर्ग के कुल 9938 अभ्यर्थियों को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 7278 अभ्यर्थियों ने शारीरिक प्रवीणता एवं शारीरिक मापदंड परीक्षा में भाग लिया। पूरी भर्ती प्रक्रिया पुलिस उप महानिरीक्षक अंजुम आरा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
महिला वर्ग में 3314 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 2620 महिला अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा में हिस्सा लिया और 1177 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुईं। पुरुष वर्ग में कुल 6332 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी हुए थे, जिनमें से 4658 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 1575 पुरुष अभ्यर्थियों ने शारीरिक प्रवीणता एवं शारीरिक मापदंड परीक्षा पास की।
भर्ती प्रक्रिया के अंतिम दिन 5 नवंबर को पुरुष वर्ग के 832 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 570 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया और 152 अभ्यर्थी सफल रहे। इसके साथ ही सिरमौर जिले में पुलिस आरक्षी भर्ती का शारीरिक परीक्षण चरण पूरा हो गया। दोनों वर्गों को मिलाकर कुल 2752 अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा उत्तीर्ण की है।