जोगी पंगा में करवाचौथ पर नारी शक्ति का सम्मान, हजारों महिलाओं ने की भागीदारी
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के जोगी पंगा स्थित कांग्रेस कार्यालय में करवाचौथ के उपलक्ष्य पर आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में हजारों महिलाओं ने भाग लिया। विधायक विवेक शर्मा की पत्नी मृदु शर्मा के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में मेहंदी रस्म, गायन, नृत्य और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता महिलाओं और स्कूली बच्चों को सम्मानित किया गया, जबकि समारोह में पहुंची महिलाओं को शगुन भी भेंट किया गया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
समारोह में कुटलैहड़ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से पहुंचीं महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच करवाचौथ की खुशियां साझा कीं। हिंदी और पंजाबी गीतों पर महिलाओं ने नृत्य किया और मनोरंजक गतिविधियों में उत्साह से हिस्सा लिया। स्थानीय गायक मोहित शर्मा ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने परिवार सहित शिरकत की। उपायुक्त ऊना जतिन लाल की पत्नी रेणु शेरावत और विधायक विवेक शर्मा की माता विद्या देवी भी मौजूद रहीं।
प्रतियोगिताओं के विजेता और स्कूली बच्चे सम्मानित
महिलाओं के लिए आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को विधायक विवेक शर्मा ने सम्मानित किया। इसके साथ ही स्कूली बच्चों को भी सम्मान देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। मृदु शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचीं महिलाओं का स्वागत किया और उन्हें शगुन भेंट करते हुए उनके सुखी वैवाहिक जीवन तथा परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन में पहाड़ी धाम की व्यवस्था भी की गई थी।
महिलाओं की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
विधायक विवेक शर्मा ने समारोह में शामिल महिलाओं का आभार जताते हुए कहा कि मातृशक्ति समाज की आधारशिला है और परिवार से लेकर सामाजिक विकास तक महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता बताई। उनके अनुसार, करवाचौथ जैसे पारंपरिक त्योहार संस्कृति, रीति-रिवाजों और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ महिलाओं को आपसी मेलजोल का साझा मंच प्रदान करते हैं।
समारोह में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक मिंका, एससी आयोग के सदस्य विजय डोगरा और कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच पर लाकर त्योहार की खुशियां साझा करना और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना था। समारोह में महिलाओं की बड़ी उपस्थिति के बीच पारंपरिक रस्मों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।