Loading...

कालाअम्ब औद्योगिक क्षेत्र की बिजली समस्या पर 60 करोड़ खर्च करेगी सरकार: हर्षवर्धन चौहान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 37 Mins Ago • 1 Min Read

प्रदेश सरकार कालाअम्ब औद्योगिक क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए 60 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। बैठक में उद्योगों को निर्बाध बिजली, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और जल संकट के समाधान को लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। उद्योगपतियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।

नाहन

उद्योग, संसदीय मामले तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा है कि प्रदेश सरकार कालाअम्ब औद्योगिक क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इससे उद्योगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी और लो-वोल्टेज व बार-बार होने वाले बिजली कट से राहत मिलेगी।शुक्रवार शाम कालाअम्ब में चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास को गति देने, नए निवेश आकर्षित करने तथा उद्योगपतियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल का शांत और अनुकूल वातावरण उद्योगों के लिए बेहतर है तथा उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जोहड़ों सब स्टेशन की क्षमता 25 करोड़ रुपये की लागत से 31.5 एमवीए से बढ़ाकर 63 एमवीए की जा रही है। इसके अलावा मोगीनंद और खैरी में 33/11 केवी के दो नए सब स्टेशन 24 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए जा रहे हैं, जिनकी कुल क्षमता 40 एमवीए होगी। साथ ही क्षेत्र के 20 फीडरों की विद्युत लाइनों का उन्नयन किया जा रहा है, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक सुदृढ़ होगी।उद्योग मंत्री ने बताया कि कालाअम्ब क्षेत्र में जल संकट से निपटने के लिए भू-जल विभाग द्वारा लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से रिचार्ज स्ट्रक्चर (चेकडैम) भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने उद्योगपतियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक में विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उद्योगपतियों से अपने प्रतिष्ठानों में हिमाचली युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को भी उद्योगों की समस्याओं के समाधान में सहयोगात्मक रवैया अपनाने के निर्देश दिए।इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष दिपेन गर्ग ने उद्योग मंत्री और विधायक अजय सोलंकी का स्वागत एवं सम्मान किया तथा कालाअम्ब औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया।

बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन, उपाध्यक्ष संजय सिंगला, एपीएमसी सिरमौर के अध्यक्ष सीताराम शर्मा, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक भारत भूषण मोहिल, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद शर्मा, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रचित शर्मा, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजीव महाजन, विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता वी.के. शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।