कालाबाग के युवाओं ने स्वच्छता और पौधारोपण अभियान में निभाई सक्रिय भूमिका
माय भारत युवा कार्यक्रम सिरमौर, नाहन के सौजन्य से चल रहे पखवाड़ा अभियान के तहत नवयुवक मंडल कालाबाग ने स्वच्छता और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए। मंडल के युवाओं ने अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए क्षेत्र के लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया। यह अभियान 4 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा और इसके समापन पर देवठी मझगांव में एक दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
राजगढ़
अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। नवयुवक मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए योगदान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं की सक्रिय भागीदारी को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए महत्वपूर्ण बताया और क्षेत्रवासियों से अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
समापन पर होंगी खेलकूद प्रतियोगिताएं
पखवाड़ा अभियान के समापन अवसर पर देवठी मझगांव में आयोजित होने वाली एक दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में महिला कबड्डी, महिला रस्सा-कस्सी, महिला मटका फोड़ और पुरुष रस्सा-कस्सी सहित विभिन्न मुकाबले होंगे। नवयुवक मंडल कालाबाग के अध्यक्ष जीत सिंह, उपप्रधान कमलेश, सचिव राजेश और सदस्यों जयसूर्या, रविंदर, सुरेंद्र, ख्याली राम, जयप्रकाश, रंजीत, संजय, विनीत, विनोद, सुदेश एवं सागर ने क्षेत्रवासियों और युवाओं से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।