कालका-शिमला ट्रैक क्षतिग्रस्त: इस दिन तक रद्द रहेंगी कई हेरिटेज ट्रेन, पहले 15 सितंबर तक थी पाबंदी
कालका-शिमला हेरिटेज रेल सेक्शन पर मिट्टी धंसने और रेलवे पुल संख्या 57 के पास ट्रैक क्षतिग्रस्त होने से रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। रेलवे ने ट्रेनों के रद्दीकरण और शॉर्ट टर्मिनेशन की अवधि 15 सितंबर से बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है।
कालका
रेलवे के अनुसार, पुल संख्या 57 के किलोमीटर 07/16-17 के आसपास मिट्टी बहने के कारण ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। इसके चलते 16 से 30 सितंबर तक कालका से शिमला जाने वाली अप दिशा की ट्रेन संख्या 52457, 52451, 52459 और 52455 रद्द रहेगी। इनके साथ अप मिक्स ट्रेन का संचालन भी इस अवधि के दौरान नहीं किया जाएगा।
शिमला से कालका आने वाली डाउन दिशा की ट्रेन संख्या 52458, 52452, 52460 और 52456 भी 30 सितंबर तक रद्द रहेगी। डाउन मिक्स ट्रेन का संचालन भी बंद रहेगा। रेलवे ने क्षतिग्रस्त रेल मार्ग की स्थिति को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए रद्दीकरण की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है।
दो ट्रेनों का आंशिक संचालन
ट्रेन संख्या 52453 धर्मपुर से संचालित होगी और धर्मपुर से कालका के बीच रद्द रहेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 52454 केवल धर्मपुर तक चलेगी तथा कालका से धर्मपुर के बीच इसका संचालन नहीं होगा। रेलवे के मुताबिक पुल के आसपास मिट्टी बहने के बाद ट्रैक की बहाली का काम जारी है। क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर रेल यातायात सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।