NDPS / एचआरटीसी बस से 130 ग्राम चिट्टा बरामद, कांगड़ा पुलिस ने 13 वर्षीय नाबालिग को लिया हिरासत में
Himachalnow / कांगड़ा
NDPS : कांगड़ा जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत एचआरटीसी बस से 130.48 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। मामले में पुलिस ने एक 13 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कांगड़ा
चेकिंग के दौरान एचआरटीसी बस में हुई बरामदगी
जिला कांगड़ा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अमृतसर से बैजनाथ जा रही एचआरटीसी बस से 130.48 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। यह कार्रवाई गगल थाना क्षेत्र के तहत बनोई पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमित वाहन जांच के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार सीआईए कांगड़ा की टीम बुधवार रात करीब 9 बजे वाहनों की चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान शाहपुर की ओर से आ रही एचआरटीसी बस को जांच के लिए रोका गया।
नाबालिग के बैग से मिला नशीला पदार्थ
तलाशी के दौरान बस में एक नाबालिग अकेला बैठा मिला। पूछताछ में उसकी उम्र 13 वर्ष पाई गई। पुलिस ने उसके पास मौजूद भूरे रंग के पिट्ठू बैग की जांच की, जिसमें से 130.48 ग्राम चिट्टा और हेरोइन बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थ को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आई जानकारी
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसे यह नशीला पदार्थ अमृतसर में उसके एक रिश्तेदार द्वारा दिया गया था। जानकारी के अनुसार रिश्तेदार ने उसे बस में बैठाकर आगे चलकर सामान वापस लेने की बात कही थी। पुलिस अब इस मामले में संबंधित व्यक्ति और पूरे नेटवर्क से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
मामले की जांच जारी
गगल थाना प्रभारी उधम सिंह राजपूत ने बताया कि मामले की जांच मुख्य आरक्षी विकास भट्ट को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्तियों और नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगामी कार्रवाई जारी है।