कांगड़ा के 58 युवा करेंगे प्रधानमंत्री से वर्चुअल संवाद
Himachalnow / कांगड़ा
जिला कांगड़ा के 58 युवाओं को बजट क्वेस्ट 2026 के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद का अवसर मिलेगा। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता युवाओं को देश की बजट प्रक्रिया समझने और नीति निर्माण में भाग लेने के लिए तैयार करेगी।
कांगड़ा
जिला कांगड़ा के 58 युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद का अवसर मिलने जा रहा है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित बजट क्वेस्ट 2026 कार्यक्रम के लिए इन युवाओं का चयन हुआ है। यह आयोजन 12 और 13 अप्रैल 2026 को यूआईईटी, पंजाब विश्वविद्यालय, दक्षिण परिसर, सेक्टर-25, चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा।जानकारी के अनुसार, मेरा युवा भारत की ओर से बजट क्वेस्ट 2026 के तहत क्विज प्रतियोगिता 2 फरवरी 2026 से पोर्टल पर शुरू की गई थी। इसके बाद 17 फरवरी से 3 मार्च 2026 तक निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुई।
10 मार्च 2026 को राज्य रैंक सूची जारी की गई, जिसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों के नाम सामने आए।इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से करीब 12 लाख युवाओं ने भाग लिया। इनमें से हिमाचल प्रदेश के 262 प्रतिभागियों का चयन हुआ, जबकि जिला कांगड़ा के 58 युवाओं ने अपनी जगह बनाई। चयनित प्रतिभागियों को 13 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद का अवसर मिलेगा, जिसे युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश, पंजाब और चंडीगढ़ से कुल 714 चयनित युवा भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देश की बजट प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना, उनकी समझ को मजबूत बनाना और उन्हें नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है।
आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को बजट से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा, समूह गतिविधियों, प्रश्नोत्तरी और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। साथ ही यह मंच युवाओं को अपनी सोच, नवाचार और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर भी देगा।
मेरा युवा भारत इस पहल के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहा है और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।मेरा युवा भारत कांगड़ा कार्यालय के उपनिदेशक ध्रुव डोगरा ने जानकारी देते हुए कहा कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के आगामी कार्यक्रमों में भी अधिक से अधिक युवा भाग लें। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।