‘मन की बात’ में विकसित भारत का संदेश, हिमाचल में कांग्रेस सरकार विकास रोकने में जुटी : कर्ण नंदा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद भाजपा मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने मनरेगा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और शानन परियोजना सहित कई विषयों पर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनता से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किया।
शिमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ के प्रसारण के बाद भाजपा मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत, जनभागीदारी, आत्मनिर्भरता और सुशासन का संकल्प देश के सामने रख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।कर्ण नंदा ने कहा कि प्रदेश के समाचार पत्र स्वयं सरकार की नाकामियों की तस्वीर पेश कर रहे हैं। उन्होंने मनरेगा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नई व्यवस्था के बाद प्रदेश सरकार अतिरिक्त आर्थिक बोझ की बात स्वीकार कर रही है, जो उसकी कमजोर वित्तीय योजना और संसाधन प्रबंधन को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली भी बदहाल स्थिति में है। कई डिपो में समय पर राशन नहीं पहुंच रहा, जिससे गरीब परिवारों को खुले बाजार से महंगे दामों पर खाद्य सामग्री खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि राहत देने के दावों के बावजूद आम जनता परेशान है।शानन परियोजना को लेकर भी कर्ण नंदा ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के बयान केवल राजनीतिक दिखावा हैं। यदि सरकार वास्तव में हिमाचल के हितों को लेकर गंभीर होती तो अब तक इस दिशा में ठोस कानूनी और प्रशासनिक कदम दिखाई देते।
उन्होंने कहा कि प्रदेश आज वित्तीय संकट, बेरोजगारी, धीमी विकास गति और अव्यवस्था जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है, जबकि सरकार इन मूल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।कर्ण नंदा ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेज़ी से विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि हिमाचल में कांग्रेस सरकार केवल घोषणाओं और कुप्रबंधन तक सीमित होकर रह गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है।इस अवसर पर मंडल कोषाध्यक्ष कमल सूद, मंडल कार्यकारिणी सचिव सुरेश शर्मा, मंडल प्रवक्ता गौरव सूद, वार्ड अध्यक्ष विजय शर्मा, पी.सी. राणा, तनवीर, प्रणय सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
