Loading...

आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर केवल सिंह पठानिया ने राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विदेश दौरा स्थगित कर धारकंडी क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर राहत कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को विस्तृत सर्वे के निर्देश दिए तथा प्रभावित परिवारों को फौरी राहत राशि और आवश्यक सामग्री वितरित की।

शाहपुर

प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का लिया जायजा

शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शिकागो में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का कार्यक्रम स्थगित कर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी की बोह पंचायत का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने बादल फटने से प्रभावित सपेड़ा और घुड़घुं गांवों में पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा उनके घरों, कृषि भूमि और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ मौके पर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।

नुकसान के विस्तृत आकलन के दिए निर्देश

दौरे के दौरान केवल सिंह पठानिया ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रभावित परिवार के मकान, कृषि भूमि, पशुधन, फलदार पौधों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे तैयार किया जाए ताकि नियमानुसार मुआवजा और अन्य सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने अधिकारियों से सर्वे रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से तैयार कर प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा, जिससे राहत एवं पुनर्वास प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।

राहत शिविर की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

केवल सिंह पठानिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोह में स्थापित राहत शिविर का भी निरीक्षण किया, जहां प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से ठहराया गया है। उन्होंने राहत शिविर में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविर में रहने वाले सभी परिवारों को आवश्यक सुविधाएं निरंतर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों के दौरान विभागों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर सहायता पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

19 परिवारों को 25-25 हजार और 17 परिवारों को 10-10 हजार रुपये की सहायता

दौरे के दौरान केवल सिंह पठानिया ने 19 प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये की नकद सहायता तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई। इसके अतिरिक्त 17 अन्य प्रभावित परिवारों को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए 25 लाख रुपये उपलब्ध कराए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को कपड़े और अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री अगले 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है।

राहत एवं बचाव कार्यों में कई एजेंसियां जुटीं

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के राहत एवं पुनर्वास के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव कार्यों को गति देने के लिए भारतीय सेना के 40 जवान भी प्रभावित क्षेत्र में पहुंच चुके हैं। सेना, जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों की टीमें आपसी समन्वय के साथ राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में लगातार जुटी हुई हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके।

Related Topics: