Loading...

NH-07 / सांसद सुरेश कश्यप ने किया 20 करोड़ की लागत से बने बो स्ट्रिंग ब्रिज का लोकार्पण

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

NH-07 : सिरमौर जिले के नाहन स्थित खजूरना में राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर मारकंडा नदी के ऊपर बने 180 मीटर लंबे बो-स्ट्रिंग ब्रिज का बुधवार को लोकार्पण किया गया। लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस पुल का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को वर्चुअल माध्यम से करना था, लेकिन तकनीकी खामी के कारण वे कार्यक्रम से नहीं जुड़ सके। इसके बाद सांसद सुरेश कश्यप ने पुल का उद्घाटन किया।

नाहन

राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर मारकंडा नदी के ऊपर खजूरना में निर्मित 20 करोड़ रुपये की लागत वाले बो स्ट्रिंग ब्रिज का बुधवार को लोकार्पण सांसद सुरेश कश्यप ने किया। पुल का उद्घाटन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया जाना था, लेकिन तकनीकी खामी के चलते उनका ऑनलाइन जुड़ाव नहीं हो सका।इसके बाद सांसद सुरेश कश्यप ने पुल का विधिवत लोकार्पण किया। कार्यक्रम में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि 180 मीटर लंबा यह आधुनिक बो स्ट्रिंग ब्रिज लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों, उद्योगों तथा पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।

उद्घाटन समारोह में उपायुक्त प्रियंका वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, राष्ट्रीय राजमार्ग नाहन मंडल के अधिशासी अभियंता राकेश खंडूजा, धौलाकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग मंडल के सहायक अभियंता एस.एस. पुंडीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्गों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। यह पुल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति देगा। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर देहरादून से पांवटा साहिब तक उत्तराखंड क्षेत्र में फोरलेन निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वहीं कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र से हरियाणा सीमा तक भी फोरलेन परियोजना सिरे चढ़ चुकी है। हालांकि पांवटा साहिब से कालाअंब तक हिमाचल प्रदेश के हिस्से में फोरलेन निर्माण कार्य अभी शेष है, लेकिन यह पुल भविष्य की फोरलेन परियोजना के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत ढांचा साबित होगा।इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में देशभर में सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। खजूरना में निर्मित यह आधुनिक पुल सिरमौर जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी नई मजबूती मिलेगी।