Loading...

25 जुलाई को धर्मशाला में होगा खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर एथलेटिक्स चयन ट्रायल, 13 से 19 वर्ष के खिलाड़ी ले सकेंगे भाग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 11 Jul 2026 • 1 Min Read

25 जुलाई को धर्मशाला के खेल परिसर स्थित सिंथेटिक ट्रैक पर खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर (एथलेटिक्स) के लिए चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण, स्पोर्ट्स किट और खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि चयन खेल कौशल एवं शारीरिक दक्षता के आधार पर किया जाएगा।

धर्मशाला

25 जुलाई को होगा चयन ट्रायल

जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी, कांगड़ा ने बताया कि जिला युवा सेवा एवं खेल कार्यालय, धर्मशाला द्वारा संचालित खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर (एथलेटिक्स) के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को प्रातः 9:00 बजे खेल परिसर, धर्मशाला के सिंथेटिक ट्रैक पर चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। इस ट्रायल का उद्देश्य पात्र खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया योजना के निर्धारित मानकों के अनुसार करना है।

13 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी होंगे पात्र

चयन ट्रायल में 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। विभाग के अनुसार 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा जिला कांगड़ा के पात्र खिलाड़ियों को भी वरीयता प्रदान की जाएगी। अंतिम चयन खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता, प्रदर्शन और खेल कौशल के आधार पर पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।

ये दस्तावेज साथ लाना होंगे

चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को जन्म तिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, खेल उपलब्धि प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) तथा दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो अपने साथ लाने होंगे। विभाग ने पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित दस्तावेजों के साथ समय पर चयन स्थल पर पहुंचने का आग्रह किया है।

चयनित खिलाड़ियों को मिलेंगी ये सुविधाएं

जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के अंतर्गत निःशुल्क खेल प्रशिक्षण (कोचिंग), स्पोर्ट्स किट तथा खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि आवास, भोजन, डाइट, यात्रा भत्ता, दैनिक भत्ता अथवा अन्य व्यक्तिगत खर्च विभाग द्वारा वहन नहीं किए जाएंगे। इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी के लिए 85804-42768 तथा 94181-60202 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Topics: