Loading...

Kinnaur Bird Festival / किन्नौर में 8 से 10 मई तक ‘किन्नौर बर्ड फेस्टिवल’ का आयोजन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 May 2026 • 1 Min Read

Kinnaur Bird Festival :: किन्नौर में 8 से 10 मई तक ‘किन्नौर बर्ड फेस्टिवल’ का आयोजन किया जाएगा, जो ‘ग्लोबल बिग डे’ और ‘हिमालयन बर्ड काउंट’ के साथ समन्वित रहेगा।

रिकांग पिओ

जिला किन्नौर में क्षेत्र की समृद्ध प्राकृतिक विरासत के संरक्षण एवं उत्सव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 8 से 10 मई तक पहली बार कल्पा कंडे के ‘गोली’ नामक स्थान पर ‘किन्नौर बर्ड फेस्टिवल’ का आयोजन किया जाएगा। यह उत्सव 9 मई को आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल बिग डे’ एवं ‘हिमालयन बर्ड काउंट’ के साथ समन्वित रहेगा।

उपायुक्त किन्नौर, डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि इस फेस्टिवल का उद्देश्य किन्नौर एवं हिमालयी क्षेत्र की अद्वितीय जैव विविधता को उजागर करना तथा स्थानीय समुदायों और प्रकृति के बीच गहरे संबंध को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन संरक्षण एवं सतत विकास के सिद्धांतों पर आधारित होगा तथा ‘स्लो टूरिज्म’ को बढ़ावा देगा।

उन्होंने बताया कि फेस्टिवल के दौरान युवाओं के सशक्तिकरण एवं क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अंतर्गत 20 चयनित प्रतिभागियों को ‘नेचर गाइड प्रशिक्षण कार्यशाला’ के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा, जबकि 30 विद्यार्थियों को इंटरैक्टिव शिक्षण सत्रों में शामिल किया जाएगा।

इस आयोजन में हिमाचल प्रदेश भर से शोधकर्ता, लेखक एवं प्रकृति विशेषज्ञ भाग लेंगे, जो विभिन्न सत्रों और गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेंगे। साथ ही किन्नौर की सांस्कृतिक समृद्धि को भी प्रदर्शित किया जाएगा और स्थानीय कारीगरों व समूहों को मंच मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, एयूएम किन्नौर, पर्यटन विभाग, वन विभाग तथा नेचर कंजरवेशन फाउंडेशन का सहयोग रहेगा। यह पहल किन्नौर में संरक्षण, समुदाय एवं संस्कृति के समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Topics: