Landslide / किन्नौर के कुप्पा में पहाड़ी से गिरीं विशाल चट्टानें, मकानों को नुकसान; 20 परिवार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट
Landslide : किन्नौर के कुप्पा क्षेत्र में पहाड़ी से भारी चट्टानें और मलबा गिरने से कई मकानों को नुकसान पहुंचा, हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। प्रशासन ने एहतियातन 20 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
किन्नौर
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के उपमंडल कल्पा की ग्राम पंचायत कामरू के कुप्पा क्षेत्र में गुरुवार को पहाड़ी से अचानक भारी चट्टानें और मलबा गिरने से दहशत फैल गई। चट्टानों की चपेट में आने से क्षेत्र के कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन प्रभावित क्षेत्र से 20 परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान जीरा फार्म में शिफ्ट कर दिया है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए रहने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से संवेदनशील इलाके में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।समय रहते प्रशासन की सक्रियता और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल प्रभावित क्षेत्र का आकलन किया जा रहा है और नुकसान का विस्तृत ब्यौरा जुटाया जा रहा है।
