Loading...

किन्नौर में पंचायती राज चुनावों को लेकर प्रशासन की तैयारियां पूरी, 420 मतदान केंद्र बनाए गए

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 50 Mins Ago • 1 Min Read

Himachalnow / किन्नौर

किन्नौर जिला प्रशासन ने पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में कुल 420 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं और निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन के लिए अधिकारियों व पोलिंग पार्टियों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।

किन्नौर

पंचायती राज चुनावों के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला किन्नौर में आगामी पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के सफल संचालन को लेकर सभी प्रशासनिक और चुनावी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों की स्थापना, अधिकारियों की नियुक्ति, पोलिंग पार्टियों की तैनाती और सुरक्षा संबंधी प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। प्रशासन की ओर से विभिन्न विकास खण्डों में चुनावी गतिविधियों की निगरानी के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

1,316 नए मतदाताओं का किया गया पंजीकरण

निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत जिले में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1,316 नए मतदाताओं का पंजीकरण किया गया है। इनमें 696 पुरुष और 620 महिला मतदाता शामिल हैं। जिला किन्नौर में कुल मतदाताओं की संख्या 59,156 दर्ज की गई है, जिनमें 29,583 पुरुष तथा 29,573 महिला मतदाता शामिल हैं। विकास खण्डवार मतदाताओं के आंकड़ों के अनुसार कल्पा विकास खण्ड में 22,047, निचार में 19,408 तथा पूह में 17,701 मतदाता पंजीकृत हैं। प्रशासन द्वारा मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया गया है।

420 मतदान केंद्रों पर होगी मतदान प्रक्रिया

जिले में मतदान प्रक्रिया के संचालन के लिए कुल 420 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें विकास खण्ड कल्पा में 140, निचार में 141 तथा पूह में 139 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा चुनावी प्रक्रिया के दौरान संचार, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं को भी सुव्यवस्थित रखने की योजना तैयार की गई है ताकि मतदान प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार संपन्न हो सके।

17 संवेदनशील और 11 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित

जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिले में कुल 17 मतदान केंद्र संवेदनशील तथा 11 मतदान केंद्र अति संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किए हैं। कल्पा विकास खण्ड में राजकीय प्राथमिक पाठशाला ब्रेलिंगी वार्ड नंबर-1, 2 व 3, पंचायत घर पूर्बनी वार्ड नंबर-1, 2 व 3 तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सापनी वार्ड नंबर-2 सहित 7 मतदान केंद्र संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। वहीं सुदारंग क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील श्रेणी में शामिल किया गया है।

निचार विकास खण्ड में राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला चगांव-2 और राजकीय प्राथमिक पाठशाला काफनू के विभिन्न वार्डों सहित 10 मतदान केंद्र संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निचार के वार्ड नंबर-1, 2, 5, 6 और 7 को अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची में रखा गया है। वहीं पूह विकास खण्ड में पंचायत घर रिब्बा खास के वार्ड नंबर-3, 4 और 5 को अति संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किया गया है। प्रशासन द्वारा इन मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

पोलिंग पार्टियों और अधिकारियों की नियुक्ति पूरी

निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न विकास खण्डों में पोलिंग पार्टियों और अधिकारियों की नियुक्ति भी सुनिश्चित कर दी है। कल्पा विकास खण्ड में 260, निचार में 274 तथा पूह में 276 पोलिंग पार्टियां नियुक्त की गई हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विकास खण्ड के लिए 20-20 रिजर्व पोलिंग पार्टियां भी रखी गई हैं ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत तैनाती की जा सके।

चुनावी प्रक्रिया के संचालन के लिए जिले में 12 रिटर्निंग अधिकारी, 80 सहायक रिटर्निंग अधिकारी और 27 सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Related Topics: