Loading...

Landslide / लाहौल के कडू नाला में भूस्खलन से टैक्सी मलबे में दबी, 13 लोगों की मौत की पुष्टि

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Landslide : लाहौल-स्पीति के उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास भूस्खलन की चपेट में आने से कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक घायल व्यक्ति को मलबे से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।

शिमला

कडू नाला के पास हुआ हादसा

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के समीप भूस्खलन की घटना हुई। पुलिस के अनुसार कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी अचानक पहाड़ी से गिरे मलबे और चट्टानों की चपेट में आ गई। दुर्घटना में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने जानकारी दी है।

सड़क खुलने के बाद रवाना हुए थे यात्री

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था, जिसके चलते टैक्सी में सवार सभी यात्री तिंदी क्षेत्र में रुके हुए थे। शुक्रवार को मार्ग बहाल होने के बाद वाहन पांगी की ओर रवाना हुआ। कडू नाला के समीप पहुंचने पर अचानक पहाड़ी का हिस्सा दरककर वाहन पर गिर गया, जिससे टैक्सी मलबे में दब गई।

राहत एवं बचाव अभियान जारी

घटना की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। बचाव दल ने अब तक मलबे से एक घायल व्यक्ति को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। अन्य यात्रियों की तलाश और मलबा हटाने का कार्य जारी है। प्रशासन ने बताया कि राहत अभियान पूरा होने के बाद यात्रियों की संख्या और अन्य विवरणों की अंतिम पुष्टि की जाएगी।

प्रशासन कर रहा स्थिति की निगरानी

पुलिस और जिला प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है तथा संबंधित एजेंसियां आवश्यक कार्रवाई में जुटी हैं।

Related Topics: