Loading...

Mahashivratri 2023: कब है महाशिवरात्रि? जानें शुभ मुहूर्त और महत्व

SAPNA THAKUR 30 Jan 2023 Edited 30 Jan 1 min read

HNN/ नाहन

महाशिवरात्रि भगवान शिव के भक्तों के लिए बेहद पावन उत्सव का दिन है। फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान शिव की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना करने का विधान है। भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का ये दिन शिव-पार्वती की कृपा पाने का सबसे अच्‍छा मौका होता है।

इस दिन भगवान शिव का विशेष अभिषेक, पूजन किया जाता है। महादेव के भक्त हर साल इस दिन का बेसब्री से इंतजार करते हैं। ऐसे में भगवान शिव के भक्तों में जानने की इच्छा है कि इस साल महाशिवरात्रि कब है। हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल 2023 में 18 फरवरी शनिवार को महाशिवरात्रि का त्योहार मनाया जाएगा।

महाशिवरात्रि 2023 तिथि और शुभ मुहूर्त
फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 18 फरवरी 2023 को रात 08 बजकर 02 पर शुरू हो रही है और अगले दिन 19 फरवरी 2023 को शाम 04 बजकर 18 मिनट पर समाप्त होगी। महाशिवरात्रि की पूजा रात्रि के चार प्रहर में करने का विधान है। इस समय शिव-पार्वती की पूजा की जाती है। ऐसे में शिवरात्रि का व्रत और पूजन 18 फरवरी 2023 को ही किया जाएगा। चूंकि चतुर्दशी तिथि 19 फरवरी 2023 को शाम को समाप्त हो रही है ऐसे में इस दिन सूर्योदय से सूर्यास्त तक शिव साधना करना भी उत्तम होगा।

प्रथम प्रहर रात्रि पूजा- शाम 06 बजकर 21- रात 09 बजकर 31
द्वितीया प्रहर रात्रि पूजा- रात 09 बजकर 31- 19 फरवरी 2023, प्रात: 12 बजकर 41
तृतीया प्रहर रात्रि पूजा- सुबह 12 बजकर 41- सुबह 03 बजकर 51 (19 फरवरी 2023)
चतुर्थ प्रहर रात्रि पूजा- सुबह 03 बजकर 51- सुबह 07:00 (19 फरवरी 2023)
महाशिवरात्रि पारण समय- सुबह 07:00- दोपहर 03 बजकर 31 (19 फरवरी 2023)

महाशिवरात्रि 2023 महत्व
हिंदू धर्म में महाशिवरात्रि का विशेष महत्व है, क्योंकि ये दिन शिव और शक्ति के मिलन की रात है। इस दिन शिवभक्त अपने आराध्य का आशीर्वाद पाने के लिए व्रत रखने के साथ जलाभिषेक करते हैं। इस दिन बाबा की विधिवत पूजा करने के साथ जलाभिषेक करने से व्यक्ति को सभी दुखों से छुटकारा मिल जाता है। इसके साथ घर में खुशियां ही खुशियां आती है।