Loading...

Makar Sankranti 2023: 14 या 15 जनवरी कब है मकर संक्रांति? जानें तारीख और शुभ मुहूर्त

SAPNA THAKUR • 7 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

हिंदू धर्म में संक्रांति का बड़ा महत्व है। हर वर्ष 12 संक्रांतियां होती हैं और प्रत्येक संक्रांति का अपना महत्व होता है। खासतौर पर हिंदू धर्म में मकर संक्रांति का त्योहार बहुत खास माना जाता है। इस त्योहार से वसंत ऋतु का आगमन होने लगता है। पौष के महीने में जब सूर्य धनु राशि से निकलकर मकर राशि में गोचर करते हैं तब ये त्योहार मनाया जाता है।

साल 2023 में ये पर्व 15 जनवरी को मनाया जाएगा। बहुत सी जगहों पर इसे खिचड़ी, उत्तरायण और लोहड़ी भी कहा जाता है। मकर संक्रांति से ऋतु परिवर्तन होने लगता है। साथ ही मकर संक्रांति के दिन खिचड़ी बनाने का खास महत्व भी माना जाता है। इस दिन सूर्य उपासना, स्नान दान का विशेष महत्व बताया गया है।

मकर संक्रांति पर खरमास के अंत के साथ नए महीने की शुरुआत भी होती है। जिला सिरमौर की बात करें तो इस दिन विभिन्न क्षेत्रों में चौलाई के लड्डू बनते हैं। जबकि इसके अगले दिन परिवार के सदस्य एक दूसरे का गुड़ के साथ मुंह मीठा करवाते हैं।

मकर संक्रांति शुभ मुहूर्त
वैसे तो हर साल 14 जनवरी को मकर संक्रांति मनाई जाती है। लेकिन ज्योतिषि शास्त्रियों के अनुसार, इस बार सूर्यदेव शाम के समय मकर राशि में प्रवेश करेंगे। इस साल 2023 में 14 जनवरी की रात सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेंगे, इसलिए साल 2023 में मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को मनाया जाएगा।

मकर संक्रांति की शुरुआत 14 जनवरी 2023 को रात 08 बजकर 43 मिनट पर होगी। मकर संक्रांति का पुण्य काल मुहूर्त 15 जनवरी को सुबह 06 बजकर 47 मिनट पर शुरू होगा और इसका समापन शाम 05 बजकर 40 मिनट पर होगा। वहीं महापुण्य काल सुबह 07 बजकर 15 मिनट से सुबह 09 बजकर 06 मिनट तक रहेगा।