Mandi Army Rescue Operation / सेना ने संभाला मोर्चा , मंडी के सराज क्षेत्र में प्रभावितों तक राहत पहुंचाने में आई तेजी
Mandi Army Rescue Operation : भारतीय सेना (Army ) की टुकड़ी शुक्रवार को सराज पहुंची और पहले ही दिन प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य शुरू कर दिया। वायु सेना के हेलिकॉप्टर से राशन, दवाइयां, तिरपाल और पानी की बोतलें भेजी गईं। अब सेना के सहयोग से राहत कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है।
मंडी
सराज क्षेत्र के लिए हेलिकॉप्टर से भेजी गई राहत सामग्री
जिला मुख्यालय से खनुखली हेलिपैड के लिए वायुसेना द्वारा राहत सामग्री की पहली खेप भेजी गई, जिसमें 40 राशन किट, 20 तिरपाल, 120 पानी की बोतलें, दवाइयों के दो बॉक्स और कपड़ों के दो बॉक्स शामिल थे। खराब मौसम के चलते हेलिकॉप्टर को जंजैहली की बजाय रैणगलू में ही उतारना पड़ा।
गृह मंत्री की जयराम ठाकुर से बात, राहत का आश्वासन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से फोन पर बात कर आपदा पीड़ितों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें पिछले पांच दिनों से राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं।
शव बरामद, मृतकों की संख्या 17 तक पहुंची
शुक्रवार को स्यांज की पार्वती देवी का शव बरामद किया गया, जिससे अब मृतकों की संख्या 17 हो गई है। हालांकि आधिकारिक आंकड़ों में अभी 15 मौतें ही दर्ज हैं। सराज, थुनाग और स्यांज समेत विभिन्न क्षेत्रों से लापता 56 लोगों की तलाश की जा रही है।
सड़कें और बिजली व्यवस्था अभी भी बाधित
जिले में दो नेशनल हाईवे समेत कुल 156 सड़कें बंद हैं, जिनमें सराज क्षेत्र की 41 सड़कें शामिल हैं। 306 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं, जिससे सैकड़ों गांव अंधेरे में हैं। गोहर उपमंडल में अब तक 7 लाख रुपये की राहत राशि वितरित की जा चुकी है।
मौसम विभाग ने 6 से 7 जुलाई तक रेड अलर्ट जारी किया
भारत मौसम विज्ञान विभाग, शिमला ने 6 जुलाई दोपहर से 7 जुलाई दोपहर तक मंडी में रेड अलर्ट घोषित किया है। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।
