Mandi Cloudburst / हिमाचल में बादल फटने से मची भारी तबाही, चार लोगों की मौत और 16 अब भी लापता
Mandi Cloudburst : मंडी जिले के गोहर, करसोग और धर्मपुर में बादल फटने की घटनाओं ने तबाही मचा दी है। कई घरों और गोशालाओं को नुकसान पहुंचा है जबकि 26 मवेशी भी मारे गए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ राहत व बचाव में जुटी हैं।
मंडी
बादल फटने से मंडी के गोहर, करसोग और धर्मपुर क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित
चार की मौत, 16 लापता, 99 को सुरक्षित निकाला गया
हिमाचल प्रदेश में मानसून के चलते मंडी जिले के कई क्षेत्रों में बादल फटने से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। गोहर, करसोग और धर्मपुर उपमंडलों में बादल फटने से अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि 16 लोग अब भी लापता हैं। राहत की बात यह है कि 99 लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घरों और गोशालाओं को भारी नुकसान, मवेशियों की भी मौत
इन घटनाओं में अब तक 10 मकान और 12 गोशालाएं पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा 26 मवेशी भी इस प्राकृतिक आपदा में मारे गए हैं। धर्मपुर के त्रियांबला में दो घर और पांच गोशालाएं टूट गईं, वहीं भदराणा में चार घर व तीन गोशालाएं तबाह हो गईं।
गोहर, करसोग और सराज के क्षेत्रों में लापता लोगों की तलाश जारी
करसोग में बादल फटने से एक व्यक्ति की मौत हुई जबकि चार अब भी लापता हैं। गोहर उपमंडल के स्यांज में नौ लोग लापता हैं। सराज क्षेत्र के बाड़ा में दो और तलवाड़ा में तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत दलों ने बाड़ा से चार और तलवाड़ा से एक बच्ची को रेस्क्यू कर लिया है।
डीसी मंडी ने लिया प्रभावित क्षेत्रों का जायजा
मंडी के डीसी अपूर्व देवगन राहत कार्यों का जायजा लेने बाड़ा और तलवाड़ा पहुंचे हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं।