Martyr Pushpendra Kinnaur / असम में शहीद हुए जवान पुष्पेंद्र को अंतिम विदाई, पत्नी ने सैल्यूट कर दी विदाई
Martyr Pushpendra Kinnaur : असम में ड्यूटी के दौरान हादसे में शहीद हुए 29 वर्षीय नायक पुष्पेंद्र नेगी को अंतिम विदाई देने उनके गांव थैमगारंग में सैकड़ों लोग पहुंचे, पत्नी कीर्ति ने सैल्यूट कर विदा दी
किन्नौर
गांव थैमगारंग में उमड़ा जनसैलाब, हर आंख हुई नम
परिजनों के आंसू छलके, गांव गूंजा ‘भारत माता की जय’ के नारों से
शहीद पुष्पेंद्र की पार्थिव देह जैसे ही उनके पैतृक गांव थैमगारंग पहुंची, पूरा गांव शोक में डूब गया। पत्नी कीर्ति नेगी शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगीं। छह वर्षीय पुत्र एतिक भी सबको रोता देख स्तब्ध खड़ा रहा। हर आंख नम थी और पूरा इलाका “नायक पुष्पेंद्र नेगी अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
तेज हवा में पेड़ की टहनी की चपेट में आकर हुए शहीद
जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय पुष्पेंद्र नेगी 19 डोगरा रेजीमेंट में तैनात थे और असम में ड्यूटी पर थे। अचानक तेज हवाओं के कारण पेड़ की टहनी गिरने से वे शहीद हो गए। उनकी पार्थिव देह असम से दिल्ली, फिर चंडीगढ़ लाई गई और वहां से सेना के वाहन द्वारा किन्नौर जिले की सांगला तहसील के गांव थैमगारंग पहुंचाया गया।
पत्नी ने दी भावुक विदाई, कहा- हमेशा नाम के साथ जीऊंगी
अंतिम संस्कार के दौरान पत्नी कीर्ति ने सैल्यूट कर पुष्पेंद्र को विदाई दी और भावुक होते हुए कहा, “मैं हमेशा आपके नाम के साथ जीऊंगी, किसी और का नाम अपने नाम से नहीं जोड़ूंगी।” यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
राजनीतिक नेताओं ने जताया शोक, दी श्रद्धांजलि
इस मौके पर भाजपा नेता सूरत नेगी, मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, यशवंत नेगी, शिशु भाई धर्मा समेत कई नेता उपस्थित रहे और पुष्पेंद्र को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिवार से मिलकर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, जयराम ठाकुर, डॉ. राजीव बिंदल, अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, कंगना रणौत, डॉ. सिकंदर कुमार, हर्ष महाजन आदि नेताओं की ओर से संवेदनाएं व्यक्त कीं।