Masik Shivratri 2022: कल है मार्गशीर्ष माह की मासिक शिवरात्रि, जानें शुभ मुहूर्त और पूजा विधि…
HNN / नाहन
हिंदू पंचांग के अनुसार, हर माह में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मासिक शिवरात्रि का व्रत रखा जाता है। इस समय मार्गशीर्ष माह चल रहा है। इस बार मासिक शिवरात्रि 22 नवंबर यानी कि कल मंगलवार के दिन मनाई जाएगी। मासिक शिवरात्रि देवों के देव महादेव को समर्पित है। शिव शंकर को समर्पित ये तिथि शिव भक्तों के लिए विशेष महत्व रखती है।
मान्यता है कि प्रत्येक शिवरात्रि के दिन व्रत रखकर पूजा करने से शिव जी अपने भक्तों पर प्रसन्न होते हैं और सभी कष्टों को दूर करते हैं। कहा जाता है कि जो व्यक्ति मासिक शिवरात्रि का व्रत विधि पूर्वक से रखता है, उसे भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होता है। उसके जीवन में सुख-शांति बनी रहती है और संतान प्राप्ति, रोगों से मुक्ति के लिए भी मासिक शिवरात्रि का व्रत रखा जाता है।
मार्गशीर्ष मासिक शिवरात्रि का शुभ मुहूर्त
मार्गशीर्ष मासिक शिवरात्रि कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मनाई जाएगी। मासिक शिवरात्रि की तिथि की शुरुआत 22 नवंबर 2022, मंगलवार को सुबह 08 बजकर 49 मिनट से होगी और इसका समापन 23 नवंबर को सुबह 06 बजकर 53 मिनट पर होगा। उदयातिथि के अनुसार, मार्गशीर्ष की मासिक शिवरात्रि 22 नवंबर को ही मनाई जाएगी।
मासिक शिवरात्रि की पूजा विधि
मासिक शिवरात्रि वाले दिन ब्रह्ममुहूर्त में उठकर स्नान कर लें। इसके बाद शिव मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करें। शिवलिंग का रुद्राभिषेक जल, शुद्ध घी, दूध, शक्कर, शहद, दही से करें। उसके बाद भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, धतूरा और श्रीफल भी अर्पित करें। भगवान शिव की धूप, दीप, फल और फूल से पूजा करें।
शिव पुराण, शिव स्तुति, शिव अष्टक, शिव चालीसा और शिव श्लोक का पाठ करें। व्रत रखने वाले लोगों को इस दिन अन्न ग्रहण नहीं करना चाहिए। अगले दिन सुबह भोलेनाथ की पूजा और दान करने के बाद ही व्रत का पारण करें।