माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव 22 से 24 नवंबर तक प्रस्तावित, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव का आयोजन इस वर्ष 22 से 24 नवंबर तक प्रस्तावित है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाले इस महोत्सव की तैयारियों के लिए बीडीओ कार्यालय अम्ब में विभिन्न विभागों की बैठक हुई। अतिरिक्त उपायुक्त ऊना इशांत जसवाल ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभागों को आपसी समन्वय से सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल
अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव आस्था, लोक संस्कृति और पर्यटन का संगम है। पिछले वर्ष इसका दूसरा संस्करण 14 से 16 नवंबर तक अम्ब मैदान में आयोजित किया गया था, जिसमें श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने उत्साह के साथ भाग लिया था। उन्होंने बताया कि इस बार भी आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए सांस्कृतिक संध्याओं, लोक कलाओं की प्रस्तुतियों, खेल प्रतियोगिताओं और जनसहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की योजना तैयार की जा रही है।
विभागों की टीमें संभालेंगी व्यवस्थाएं
एडीसी ने कहा कि महोत्सव के माध्यम से हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच दिया जाएगा। आयोजन से संबंधित अलग-अलग कार्यों के लिए विभागीय टीमें गठित की जाएंगी। जिला प्रशासन सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा, ताकि महोत्सव में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को भी प्रोत्साहित करना है।
बैठक में महोत्सव के सफल संचालन के लिए विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। प्रशासन ने कहा कि आयोजन में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक को सुविधाजनक अनुभव देने के लिए आवश्यक तैयारियां की जाएंगी। बैठक में एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल, डीएसपी अनिल पटियाल और बीडीओ अम्ब ओमपाल डोगरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।