ऊना कॉलेज में संविधान दिवस: प्रस्तावना वाचन के साथ विद्यार्थियों ने लिया लोकतांत्रिक मूल्यों का संकल्प
ऊना के राजकीय उत्कृष्ट स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संविधान दिवस पर विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया। राजनीति विज्ञान विभाग और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त आयोजन में विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा दिखाई।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा मुख्यातिथि रहीं। प्रस्तावना वाचन के साथ विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई। राजनीति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. विकास सैनी ने संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व और भारतीय संविधान की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी।
प्रो. विकास सैनी ने कहा कि भारतीय संविधान नागरिकों को मौलिक अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करे और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के संवैधानिक दायित्वों पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से स्वच्छता बनाए रखने, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने और पर्यावरण को हरा-भरा बनाने में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
समारोह में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, बौद्धिक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करने के लिए प्रश्नोत्तरी, पोस्टर एवं मीम निर्माण, निबंध लेखन और मौके पर नारा लेखन जैसी प्रतियोगिताएं करवाई गईं। विद्यार्थियों ने पोस्टर और मीम के माध्यम से संवैधानिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर विषयों के प्रति अपनी समझ और अभिव्यक्ति का प्रदर्शन किया।
प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि संविधान दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि संविधान के प्रति जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें व्यवहार में उतारने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के आदर्श आत्मसात करने, जागरूक नागरिक बनने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।