MC Election / 18 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए, अब 118 उम्मीदवार चुनाव मैदान में
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
MC Election :: जिला ऊना में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव-2026 के तहत नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 118 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। 17 मई को 28,281 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
ऊना
18 प्रत्याशियों ने वापस लिए नामांकन
शहरी स्थानीय निकाय चुनाव-2026 के तहत जिला ऊना में नामांकन-पत्र वापस लेने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। नाम वापसी के अंतिम दिन 18 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए, जिसके बाद जिले के छह शहरी निकायों में कुल 118 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।
17 मई को होगा मतदान, 31 मई को मतगणना
निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि नगर पंचायत गगरेट, अंब, टाहलीवाल, दौलतपुर चौक तथा नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा और संतोषगढ़ में 17 मई को मतदान होगा। इन निकायों की मतगणना 31 मई को की जाएगी।
283 युवा पहली बार डालेंगे वोट
उन्होंने बताया कि इन निकायों में कुल 28,281 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 14,197 पुरुष और 14,094 महिला मतदाता शामिल हैं। इस बार 283 युवा मतदाता पहली बार मतदान करेंगे, जबकि एक थर्ड जेंडर मतदाता भी चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी निभाएगा।
48 मतदान केंद्र और 108 ईवीएम तैयार
चुनावों के सफल संचालन के लिए जिले में 48 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन के पास कुल 108 ईवीएम उपलब्ध हैं, जिनमें 60 नई और 48 पुरानी मशीनें शामिल हैं। आवश्यक संख्या में मशीनों का उपयोग मतदान केंद्रों पर किया जाएगा, जबकि शेष को रिजर्व रखा जाएगा।
इन निकायों में प्रत्याशियों ने वापस लिए नाम
नाम वापसी की प्रक्रिया के दौरान नगर पंचायत मैहतपुर-बसदेहड़ा से सर्वाधिक 8 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए। नगर परिषद संतोषगढ़ और नगर पंचायत अंब से एक-एक, नगर पंचायत टाहलीवाल तथा नगर पंचायत गगरेट से तीन-तीन और नगर पंचायत दौलतपुर चौक से दो प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस लिए।
चुनावों के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए उपायुक्त कार्यालय परिसर में विशेष मॉनिटरिंग कक्ष भी स्थापित किया गया है।